नवादा, 04 सितंबर। जिले के हिसुआ बाजार स्थित पांचूगढ़ मोहल्ले में वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी में मारे गए प्रणय भारती का गंभीर आपराधिक इतिहास सामने आया है। हिसुआ थाने में दर्ज कांड संख्या 396/2023 के अनुसार, प्रणय भारती आदतन और आपराधिक प्रवृत्ति का युवक था। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ मंगलवार को हुई गोलीबारी की पूरी घटना की भी जांच कर रही है।
20 हथियारबंद अपराधियों के साथ स्कूल बस को बनाया था निशाना
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 28 जुलाई 2023 को प्रणय भारती करीब 20 हथियारबंद अपराधियों के साथ नवादा-गया मार्ग पर त्रिवेणी सत्यभामा कॉलेज के समीप पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने दिनदहाड़े मॉडर्न स्कूल की बस को बंधक बना लिया था।
आरोप के मुताबिक, उसने स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज राकेश रौशन की कनपटी पर पिस्टल सटाकर 80 हजार रुपये की सोने की चेन लूट ली थी। साथ ही 50 हजार रुपये मासिक रंगदारी नहीं देने पर पूरे स्कूल भवन को डायनामाइट से उड़ाने की धमकी दी थी।
हथियार के बल पर छेड़खानी के भी आरोप
त्रिवेणी सत्यभामा कॉलेज के शिक्षकों के अनुसार, प्रणय भारती पर हथियार के बल पर छात्राओं के साथ छेड़खानी करने के भी आरोप थे। शिक्षकों का कहना है कि उसके खौफ के कारण कई लोग शिकायत करने से बचते थे। पुलिस इन आरोपों और पूर्व के मामलों की भी पड़ताल कर रही है।
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें वायरल
इधर, सोशल मीडिया पर प्रणय भारती और उसके साथियों की कथित तौर पर अवैध हथियारों के साथ कई तस्वीरें प्रसारित हो रही हैं। पुलिस ने इन तस्वीरों को भी जांच के दायरे में लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्वीरों में दिख रहे हथियार वास्तविक हैं या नहीं और उनका आपराधिक गतिविधियों से कोई संबंध है या नहीं।
गोलीबारी में प्रणय की मौत, दो युवक घायल
मंगलवार को हिसुआ के पांचूगढ़ मोहल्ले में वर्चस्व और मारपीट के बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई। इस घटना में प्रणय भारती की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरे गुट के दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का नवादा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस-एफआईआर दर्ज कराई गई है। अस्पताल में भर्ती घायलों ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि पहली गोली प्रणय भारती की ओर से चलाई गई थी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। गोलीबारी की शुरुआत कैसे हुई, किसने पहली गोली चलाई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।






