गणेश सिंह गिरोह के सदस्य की हत्या की साजिश नाकाम, यूपी के सुलतानपुर से जमशेदपुर पहुंचे दो संदिग्ध हथियार के साथ गिरफ्तार

Share

पूर्वी सिंहभूम, 03 सितंबर । सीतारामडेरा पुलिस ने गुरुवार को मानगो बस स्टैंड के पास पाण्डेय घाट इलाके से दो संदिग्ध अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से जमशेदपुर पहुंचे थे और कुख्यात अपराधी गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य की हत्या की तैयारी में थे। पुलिस ने उनके पास से 7.65 एमएम की देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुलतानपुर निवासी प्रदीप सिंह (38) और अभिनय यादव (24) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सीतारामडेरा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

बड़ी वारदात की तैयारी की सूचना पर कार्रवाई

एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अपराधी हथियार लेकर मानगो बस स्टैंड के आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस टीम जब पाण्डेय घाट पहुंची तो दोनों संदिग्ध शौचालय के पीछे छिपने का प्रयास करते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान प्रदीप सिंह के पास से दो गोलियों से लोडेड देसी पिस्टल बरामद की गई।

गणेश सिंह गिरोह के सदस्य को निशाना बनाने का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे जमशेदपुर निवासी सिंटू सिंह उर्फ अभिमन्यु सिंह और अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के बुलावे पर शहर आए थे। उन्हें गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य की हत्या करनी थी। हालांकि, पुलिस के मुताबिक उन्हें अभी टारगेट का नाम और वारदात से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं दी गई थी।

दोनों कुम्हारपाड़ा स्थित अशोक कुमार के मकान में सुनील रजक के माध्यम से ठहरे थे। पुलिस का दावा है कि हथियार भी इन्हीं लोगों ने उपलब्ध कराया था।

19 अगस्त को भी हत्या की नीयत से आए थे

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपित 19 अगस्त को निखार सबलोक की हत्या के इरादे से जमशेदपुर आए थे। पुलिस के अनुसार, सुपारी की आधी रकम एडवांस में मांगने को लेकर सिंटू सिंह से विवाद होने के बाद दोनों बिना वारदात किए सुलतानपुर लौट गए थे।

इसके बाद निखार सबलोक की हत्या हो जाने पर उन्हें दोबारा जमशेदपुर बुलाया गया और गणेश सिंह गिरोह के एक अन्य सदस्य को निशाना बनाने की जिम्मेदारी दी गई।

प्रदीप पर 10 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस ने बताया कि प्रदीप सिंह का उत्तर प्रदेश में आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब हत्या की कथित साजिश में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930