रामगढ़, 03 सितंबर। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नेता पानेश्वर महतो के कथित अपहरण को लेकर रामगढ़ जिले में तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, पानेश्वर महतो ने स्वयं रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने पांच अज्ञात लोगों पर अपहरण कर अपने साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सफेद बोलेरो से पहुंचे लोग, खुद को बताया पुलिसकर्मी
पुलिस को दिए बयान में पानेश्वर महतो ने बताया कि एक सितंबर की रात वह कैथा गांव स्थित भारत माता चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो से कुछ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और पानेश्वर से ‘साहब’ के पास चलने को कहा।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान पानेश्वर ने परमेश्वर महतो के माध्यम से ब्रह्मदेव नामक व्यक्ति को फोन कर अपनी गाड़ी ले जाने को कहा। इसके बाद वह खुद सफेद बोलेरो में बैठकर उन लोगों के साथ चले गए।
हजारीबाग ले जाकर कमरे में बंद करने का आरोप
पानेश्वर के मुताबिक, बोलेरो उन्हें कोठार ओवरब्रिज होते हुए हजारीबाग की ओर ले जाने लगी। कुजू नया मोड़ पार करने के बाद उन्होंने जब सवार लोगों से पूछा कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
आरोप है कि बोलेरो में सवार पांच लोग उन्हें हजारीबाग ले गए और वहां एक कमरे में बंद कर दिया। पानेश्वर ने पुलिस को बताया कि कमरे में भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बंद कमरे में ही उन्हें खाना दिया गया।
तड़के दूसरी बोलेरो से जंगल में छोड़ा
पानेश्वर महतो ने बताया कि तड़के सुबह एक दूसरी बोलेरो, जिस पर टीएस नंबर लिखा हुआ था, से उन्हें जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद वह कच्चे रास्ते से भटकते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचे।
मुख्य सड़क पर पहुंचने के बाद उन्होंने एक बाइक सवार से मदद मांगी। बाइक सवार के मोबाइल फोन से उन्होंने अपने मित्र आनंद कटिहार को घटना की जानकारी दी।
रजिस्ट्री ऑफिस के पास पहुंची पुलिस, किया बरामद
पानेश्वर के अनुसार, बाइक सवार उन्हें हजारीबाग रजिस्ट्री ऑफिस के पास छोड़ गया। वहां पहुंचने के बाद रामगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और उन्हें बरामद कर लिया।
पुलिस ने पानेश्वर महतो के बयान के आधार पर पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।






