पटना, 31 अगस्त । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस दौरान सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के लिए किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश कार्यालय में राज्य स्तरीय कार्यशाला
अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में राज्य स्तरीय प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा को लेकर मार्गदर्शन दिया। विभिन्न जिलों से चुनिंदा पार्टी नेता और पदाधिकारी कार्यशाला में शामिल हुए।
‘सेवा पखवाड़े’ को इस बार दिया गया व्यापक स्वरूप
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पहले से ही ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाती रही है। इस बार प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के महत्वपूर्ण अवसर को देखते हुए इसे व्यापक स्वरूप दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभियान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
‘अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम’ को बताया मोदी का मंत्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सार्वजनिक जीवन में गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार मोदी का मंत्र ‘अंत्योदय’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जन-धन योजना से करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खुले, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से राहत मिली और पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को सहायता मिली है।
‘सेवा यज्ञ को घर-घर पहुंचाना है’
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा के लिए सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को हर छूटे हुए लाभार्थी को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, युवाओं से संवाद करने और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को जमीन पर उतारने के लिए काम करना है।
जिलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा
कार्यशाला में बिहार के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पार्टी पदाधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
संजय सरावगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे।
अभियान के लिए प्रदेश भाजपा ने गठित की टोली
‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने विशेष टोली गठित की है। इसमें प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, मंत्री संजय सिंह टाइगर, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री मनोज चौधरी, जिला प्रभारी संजीव यादव और अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक वीरेंद्र चंद्रवंशी शामिल हैं।






