चतरा, 22 अगस्त। चतरा शहर के न्यू परिसदन भवन के सामने स्थित चांदनी होटल में संचालित कथित देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने होटल में छापेमारी कर पांच युवतियों समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में रैकेट की कथित संचालिका और मास्टरमाइंड महिला भी शामिल है।
10 मोबाइल और वाहन जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान होटल के चार कमरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इसके अलावा 10 मोबाइल फोन, एक अपाची बाइक और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य सामग्रियों की जांच कर रही है, ताकि रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
सूचना के बाद गठित की गई विशेष टीम
सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को चांदनी होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन कराने के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
टीम ने होटल में छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग कमरों से पांच युवतियों समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान देह व्यापार से जुड़े कई साक्ष्य मिलने के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य आरोपितों की तलाश में जांच जारी
पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच के जरिए रैकेट के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
पुलिस ने कहा है कि जिले में इस तरह की अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।






