पुणे, 22 अगस्त। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे के COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शुक्रवार रात ABVP और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। घटना में कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। दोनों को इलाज के लिए संचेती अस्पताल ले जाया गया। विवाद के बाद कॉलेज और हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
50-60 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस
पुणे पुलिस ने मामले में करीब 50 से 60 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
छात्राओं को धमकाने के आरोप
NSUI ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले छात्र संवाद कार्यक्रम का समर्थन करने पर ABVP के सदस्यों ने कुछ छात्राओं को धमकाया। संगठन का दावा है कि छात्राओं को उनके कमरे में बंद करने और उनके साथ मारपीट की गई।
हालांकि, ABVP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि NSUI के कार्यकर्ता छात्रों पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने का दबाव बना रहे थे। ABVP ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार करने पर छात्राओं के साथ मारपीट की गई।
दोनों संगठनों ने एक-दूसरे पर छात्रों पर दबाव बनाने और उन्हें प्रभावित करने का आरोप लगाया है।
कॉलेज पहुंचे कांग्रेस विधायक
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार देर रात कॉलेज पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम का समर्थन करने वाली छात्राओं को धमकाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वडेट्टीवार ने पुलिस पर भी छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।

आज राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शनिवार को पुणे में आयोजित होना है। इस दौरान वह छात्राओं से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।






