सुपौल: धर्मपट्टी काली मंदिर में पांच लाख के आभूषण समेत सामान की चोरी, तीन गेटों के ताले तोड़े

Share

सुपौल, 21 अगस्त। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत के वार्ड-1 स्थित धर्मपट्टी काली मंदिर में गुरुवार देर रात चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चोर मंदिर के मुख्य द्वार समेत तीनों गेटों के ताले तोड़कर परिसर में दाखिल हुए और गोदरेज व ट्रंक का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, बाजा समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।

सुबह पूजा करने पहुंचे लोगों को मिली जानकारी

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोग पूजा करने मंदिर पहुंचे तो तीनों गेटों के ताले टूटे मिले। अंदर जाने पर गोदरेज और ट्रंक के ताले भी टूटे पाए गए। गोदरेज क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा था। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।

डायल-112 की टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मंदिर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में थाने में लिखित आवेदन देने को कहा है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। सूचना पर डायल-112 की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वर्षों से मंदिर में रखे थे आभूषण

ग्रामीण नरेन्द्र कुमार झा, प्रमानंद मिश्र, भवानंद मिश्र, प्रकाश मिश्र, ललित नारायण मिश्र, राजीव ठाकुर समेत अन्य लोगों ने बताया कि धर्मपट्टी काली मंदिर इलाके का प्रमुख धार्मिक स्थल है। दीपावली के अवसर पर यहां भव्य मेला भी आयोजित किया जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से देवी को अर्पित किए गए सोने-चांदी के आभूषण, बाजा और अन्य सामग्री मंदिर के गोदरेज में सुरक्षित रखी जाती थी। चोरी के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना गंभीर है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031