‘प्रभु श्रीराम’ के लिए सत्ता गंवाई, रामभक्तों पर गोली नहीं चलाई’, कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Share

लखनऊ, 21 अगस्त। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने प्रभु श्रीराम के लिए सत्ता गंवाना स्वीकार किया, लेकिन रामभक्तों पर गोली चलाना स्वीकार नहीं किया।

‘सत्ता दूर हो स्वीकार, श्रीराम का अपमान नहीं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से वह बाबू जी के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कल्याण सिंह का स्पष्ट विचार था कि संघर्ष स्वीकार है और सत्ता से दूर होना भी स्वीकार है, लेकिन प्रभु श्रीराम का अपमान स्वीकार नहीं है।

योगी ने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर को देखकर कल्याण सिंह की स्मृति जीवंत हो उठती है।

‘आज का दिन हिंदू गौरव दिवस’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लंबे समय तक कल्याण सिंह के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में रहने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बाबू जी की स्मृतियां सभी के लिए प्रेरणा हैं। अतरौली के एक सामान्य किसान परिवार में जन्म लेने वाले कल्याण सिंह अपनी कर्मठता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में आगे बढ़े और किसान, शिक्षक, विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल के रूप में संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन किया।

उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन उन सभी भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत है, जिनके लिए भारत, सनातन मूल्य और राष्ट्र प्रथम हैं।

‘गलत काम बाबू जी से कोई करा नहीं सकता था’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन सादगी, तप और साधना से भरा था। उन्होंने सनातन मूल्यों की रक्षा के साथ किसानों, गरीबों और युवाओं के हित में अपना जीवन समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह गलत काम के सामने झुकने वाले व्यक्ति नहीं थे। उनका कहना था कि ‘कल्याण सिंह टूट सकता है लेकिन झुक नहीं सकता।’

समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों का निधन हुआ। कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यक्रम रद्द कर लखनऊ आए थे। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी, लेकिन समाजवादी पार्टी के मुखिया ने प्रत्यक्ष रूप से पहुंचकर श्रद्धांजलि नहीं दी।

योगी ने इसे कल्याण सिंह का अपमान बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।

‘कल्याण सिंह ने सुशासन की नींव रखी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने उत्तर प्रदेश में सुशासन की नींव रखी और युवाओं को आगे बढ़ने का मंच दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान दिलाई। योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में कल्याण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने कहा कि बाबू जी ने जो कहा, उसे करके दिखाया। डबल इंजन की सरकार कल्याण सिंह के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, सांसद राजबीर सिंह राजू, उन्नाव सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31