पटना, 03 जुलाई। बिहार के सहरसा जिले में स्थित सिमरी-बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर तड़के एक पैसेंजर ट्रेन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ।
प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में लगी आग
समस्तीपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (63344) में सुबह करीब 3:25 बजे अचानक आग लग गई।
स्टेशन मास्टर संजय कुमार सज्जन के अनुसार, उन्हें सुबह 3:22 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल विभाग को खबर दी गई।
ट्रेन से तेजी से निकले यात्री
आग देखते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इंजन से धुआं निकला और फिर आग की भीषण लपटों ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे आग इंजन की 3 बोगियों तक जा पहुंची। आग देखते ही ट्रेन के अंदर बाहर पैसेंजरों में भगदड़ मच गई। वहीं आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उसे देख स्टेशन के कैम्पस में भी अफरातफरी मच गई।
ट्रेन में थे काफी यात्री
आग की भयावहता देखते ही ट्रेन से पैसेंजरों ने उतरना शुरू कर दिया। इसके बाद सारे यात्री प्लेटफॉर्म से बाहर की तरफ निकलने लगे। बताया जा रहा है कि जिस वक्त आग लगी, उस समय ट्रेन में काफी यात्री थे। लेकिन खुशकिस्मती से आग की भनक लगते ही सभी मुसाफिर ट्रेन से नीचे उतर गए।
ढाई घंटे में आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
घटना के कारण ट्रेन की तीन बोगियां प्रभावित हुई हैं, जिनके नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
तीन घंटे तक बाधित रहा रेल परिचालन
आग लगने की वजह से सहरसा-मानसी रेलखंड पर करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
इस दौरान कई ट्रेनों पर असर पड़ा, जिनमें शामिल हैं:
- मनिहारी–जयनगर जानकी एक्सप्रेस
- सहरसा–समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन
- सावन स्पेशल (सरायगढ़–देवघर)
- पूर्णिया–हटिया कोसी एक्सप्रेस
सुबह 6 बजे के बाद स्थिति सामान्य
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे के बाद सिमरी-बख्तियारपुर स्टेशन पर रेल यातायात सामान्य कर दिया गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे द्वारा तकनीकी जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।






