बांकीपुर उपचुनाव में धीमी वोटिंग, 3 बजे तक सिर्फ 27.90% मतदान; प्रशांत किशोर और बीजेपी समर्थकों में कई जगह भिड़ंत से बढ़ा तनाव

Share

पटना — बिहार की हाई-प्रोफाइल बन चुकी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान जारी है, लेकिन इस बार मतदाताओं का उत्साह अपेक्षाकृत कम नजर आ रहा है। दोपहर 3 बजे तक कुल 27.90% मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव (2025) के मुकाबले करीब 10 प्रतिशत कम है। उस समय इसी अवधि तक 37.02% वोटिंग हुई थी। कम मतदान प्रतिशत ने सभी राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है।

समय के अनुसार मतदान प्रतिशत

  • सुबह 9 बजे: 4.61%
  • सुबह 11 बजे: 11.50%
  • दोपहर 1 बजे: 20.01%
  • दोपहर 3 बजे: 27.90%

कई इलाकों में तनाव और झड़प

मतदान के दौरान आनंदपुरी इलाके में जनसुराज और बीजेपी समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई। दोनों पक्षों में नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसे मौके पर मौजूद जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने हस्तक्षेप कर शांत कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को परेशान कर रही है और मतदाताओं को डराया जा रहा है।

किदवईपुरी में भी पुलिस के सामने दोनों पक्षों के समर्थक भिड़ गए। जनसुराज कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी बूथ पर दबाव बना रहे हैं और मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं। वहीं PNT कॉलोनी में भी हंगामा हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाताओं पर एक पक्ष के समर्थन में वोट देने का दबाव बनाया जा रहा है।

बीजेपी का पलटवार

दूसरी ओर, बीजेपी ने जनसुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। पार्टी के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर वोटरों के वेरिफिकेशन को और सख्त करने की मांग की है।

त्रिकोणीय मुकाबला

इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

EVM खराब, 53 वोट सुरक्षित

बूथ संख्या 143 पर EVM खराब होने की सूचना मिली, जिसके बाद प्रशांत किशोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि मशीन में दर्ज 53 वोट सुरक्षित रखे गए हैं।

शांति बनाए रखने की अपील

प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि प्रशासन सहयोग के लिए मौजूद है, इसलिए किसी भी प्रकार के विवाद से बचना चाहिए।

कम मतदान और बीच-बीच में हुई झड़पों के कारण यह उपचुनाव और अधिक चर्चा में आ गया है। प्रशासन की नजर पूरे हालात पर बनी हुई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031