बिहार में हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा शुरू, 2100 रुपये में पटना की हवाई सैर कर सकेंगे पर्यटक

Share

पटना, 18 जुलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत अब पर्यटक हेलीकॉप्टर के जरिए पटना और बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की हवाई सैर कर सकेंगे। करीब 1200 फीट की ऊंचाई से शहर और पर्यटन स्थलों का विहंगम दृश्य देखने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने पर्यटकों को सौंपे टिकट

योजना की पहली उड़ान शनिवार दोपहर 3:40 बजे शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने स्वयं पर्यटकों को टिकट सौंपे और हेलीकॉप्टर के पायलट को बैज पहनाकर पहली उड़ान को रवाना किया। पहली उड़ान में छह यात्रियों ने हवाई यात्रा का आनंद लिया। पहले दिन 20 पर्यटकों को जॉय राइड के लिए टिकट दिए गए, जबकि अब तक करीब 80 लोगों ने बुकिंग कराई है।

धार्मिक और विरासत पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य बिहार में धार्मिक और विरासत पर्यटन को नई गति देना है। इससे देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जैसे पर्यटन स्थलों पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बिहार हेली एवं एयर टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।

पर्यटन मंत्री ने दी किराये की जानकारी

पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि 2100 रुपये में पर्यटक पटना की हवाई सैर कर सकेंगे, जबकि 4000 रुपये में राजगीर की यात्रा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। हालांकि अभी तक राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए कोई बुकिंग नहीं हुई है।

पर्यटकों ने की पहल की सराहना

पहली जॉय राइड का हिस्सा बनीं रिंकी सिंह ने कहा कि यह राज्य सरकार की सराहनीय पहल है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, लोगों का समय बचेगा और बाहर से आने वाले पर्यटक भी बिहार की खूबसूरती का अलग अनुभव ले सकेंगे।

10 मिनट की होगी पटना जॉय राइड

पटना जॉय राइड के लिए प्रति व्यक्ति 2100 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। लगभग 10 मिनट की इस यात्रा के दौरान पर्यटक 1200 फीट की ऊंचाई से गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब सहित पटना के प्रमुख स्थलों का हवाई दृश्य देख सकेंगे।

हर सप्ताहांत मिलेगी सुविधा

पर्यटन विभाग के अनुसार, हेलीकॉप्टर हर 30 मिनट के अंतराल पर उड़ान भरेगा और प्रतिदिन चार जॉय राइड संचालित की जाएंगी। फिलहाल यह सुविधा केवल शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। योजना के तहत पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए भी हेलीकॉप्टर और छोटे विमान की सेवा उपलब्ध कराई गई है।

विभिन्न रूटों का किराया

  • पटना जॉय राइड: 2100 रुपये प्रति व्यक्ति
  • राजगीर: 4000 रुपये प्रति व्यक्ति
  • वाल्मीकिनगर: 5000 रुपये प्रति व्यक्ति (एक तरफ)
  • कैमूर (मां मुंडेश्वरी): 6000 रुपये प्रति व्यक्ति

पहले से करानी होगी बुकिंग

पर्यटन विभाग ने बताया कि प्रत्येक उड़ान में सीटों की संख्या सीमित रहेगी। इसलिए यात्रियों को यात्रा से पहले अग्रिम बुकिंग करानी होगी। पटना-वाल्मीकिनगर के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित होंगी, जबकि पटना-राजगीर और पटना-कैमूर के लिए निर्धारित समय पर हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध रहेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930