दरभंगा। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में एक बार फिर बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार की देर रात करीब 2:30 बजे सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसकर अपराधियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
घर में घुसकर लूटपाट, केवल ₹2000 ही ले जा सके
जानकारी के अनुसार बदमाश घर से मात्र दो हजार रुपये ही ले जा सके। हालांकि वारदात के दौरान उन्होंने घर में मौजूद आकांक्षा उर्फ छोटी के बाल कैंची से काट दिए, जिससे परिवार के लोग दहशत में हैं।
डायल-112 पर सूचना, 10 मिनट में पहुंची पुलिस
घटना के बाद पीड़ित सुमन कुमार चौधरी ने रात करीब तीन बजे डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही लगभग 10 मिनट के भीतर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी है बड़ी डकैती

बताया जा रहा है कि इसी गांव में 9 जुलाई की शाम होम्योपैथिक चिकित्सक पवन कुमार मिश्रा के घर भी बड़ी डकैती हुई थी। उस दौरान बदमाशों ने उनकी बहू करिश्मा कुमारी के साथ मारपीट की, बाल काट दिए और इंजेक्शन देकर बेहोश करने के बाद लाखों रुपये के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
लगातार वारदातों से ग्रामीणों में दहशत
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से गांव के लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।






