पलामू, 11 जुलाई — पलामू पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पड़वा और नावाबाजार थाना क्षेत्र से कुल 27 नाबालिगों (लड़के-लड़कियों) को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। सभी नाबालिग लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिन्हें बिहार के सासाराम में धान रोपाई के कार्य के लिए ले जाया जा रहा था।
गुप्त सूचना पर रात में छापेमारी
गोपनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पड़वा थाना क्षेत्र से 14 और नावाबाजार थाना क्षेत्र से 13 नाबालिगों को बरामद किया। इस मामले में बिहार के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रेस्क्यू के बाद सुरक्षित ठिकानों पर भेजे गए बच्चे
रेस्क्यू के बाद नाबालिग लड़कियों को सखी वन स्टॉप सेंटर और लड़कों को बाल गृह भेजा गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।
सीडब्ल्यूसी ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
बाल कल्याण समिति (CWC) ने मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीडब्ल्यूसी के सदस्य रवि शंकर ने शनिवार सुबह मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी नाबालिग धान रोपाई के लिए जा रहे थे और उनके साथ परिजन भी मौजूद थे।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच मानव तस्करी के सभी पहलुओं से कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।






