सीवान, 09 जुलाई। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सीवान के उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह ईओयू की टीम ने उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
सीवान, पटना और मुंगेर में एक साथ कार्रवाई
ईओयू की टीम ने सीवान कार्यालय और आवास के साथ-साथ पटना और मुंगेर स्थित ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। सभी जगहों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
आय से 200% अधिक संपत्ति का खुलासा
बिहार पुलिस मुख्यालय (आर्थिक अपराध प्रभाग) के अनुसार, जांच के दौरान अंकेश कुमार गोंड़ के पास 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये की ऐसी संपत्ति पाई गई, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 201.97 प्रतिशत अधिक है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना में कांड संख्या-13/26 (दिनांक 8 जुलाई 2026) दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज की गई है।
विशेष न्यायालय से वारंट के बाद छापेमारी
ईओयू ने विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद गुरुवार को कार्रवाई शुरू की। इसके तहत विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
इन ठिकानों पर हुई तलाशी
ईओयू टीम ने दानापुर (पटना) स्थित आवास, मुंगेर के चंदनबाग स्थित पैतृक घर, लल्लूपोखर स्थित व्यावसायिक भवन, सीवान स्थित उत्पाद विभाग का कार्यालय कक्ष और कचहरी रोड स्थित किराये के आवास पर तलाशी ली।
जांच जारी, बाद में आएगी पूरी जानकारी
आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।






