मुजफ्फरपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, दुबई से लौटा पति बना हैवान, पहसूल से गला रेतकर पत्नी की हत्या

Share

मुजफ्फरपुर — जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां विदेश से लौटे पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

मायके में रह रही थी महिला
घटना राजपुर नवादा गांव की है। यहां राजेंद्र भगत की पुत्री पिंकी कुमारी अपने मायके में छह महीने की बेटी के साथ रह रही थी। सोमवार सुबह उसके पति मनोज भगत ने घर में रखे सब्जी काटने वाले धारदार हथियार ‘पहसूल’ से उसका गला रेत दिया। घटना के समय कमरे में महिला और उसकी मासूम बेटी ही मौजूद थीं।

दुबई से लौटते ही वारदात
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज भगत बरूराज थाना क्षेत्र के हरनाही गांव का निवासी है और दुबई में काम करता था। वह रविवार शाम ही भारत लौटा था और पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचा था। परिवार को उम्मीद थी कि रिश्तों में सुधार होगा, लेकिन अगले ही दिन यह खौफनाक घटना हो गई।

घटना से पहले सामान्य था व्यवहार
मृतका की बहन के मुताबिक, आरोपी का व्यवहार सामान्य था। उसने घर पहुंचते ही पानी मांगा और परिजनों से बातचीत करता रहा। बाद में मौका पाकर वह पिंकी के कमरे में गया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

पहले से चल रहा था विवाद
परिजनों ने बताया कि पिंकी और मनोज की शादी 2022 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही मनोज और उसके परिवार वाले पिंकी को उसके कद को लेकर प्रताड़ित करते थे। इसको लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना पर एसडीपीओ अभिजीत कौर मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी का जूता बरामद कर उसे साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031