रांची पुलिस की बड़ी पहल, 8 जुलाई को सभी थानों में लगेगा जन शिकायत समाधान कार्यक्रम

Share

SSP राकेश रंजन के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी थानों में सुनेंगे लोगों की समस्याएं, मौके पर समाधान का होगा प्रयास

Ranchi: आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से रांची पुलिस ने एक विशेष पहल की है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर आगामी 8 जुलाई को जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के वरीय पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी संबंधित थानों में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करेंगे।

रांची पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, शिकायतों का त्वरित निपटारा करना तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, साइबर अपराध, पारिवारिक विवाद, पड़ोस संबंधी शिकायतें, लंबित मामलों की जानकारी और अन्य पुलिस संबंधी समस्याओं पर भी लोगों की बात सुनी जाएगी।

कार्यक्रम के तहत जिले के सभी प्रमुख थाना और ओपी में अलग-अलग समय पर अधिकारी मौजूद रहेंगे। लालपुर, कोतवाली, सुखदेवनगर, अरगोड़ा, हिन्दपीढ़ी, चुटिया, गोन्दा, बरियातू, धुर्वा, जगन्नाथपुर, नामकुम, टाटीसिल्वे, नगड़ी, रातू, सिकिदिरी, अनगड़ा, ईटकी, बेड़ो, बुढ़मू, खलारी, बुण्डू, तमाड़, डेली मार्केट, लोअर बाजार, सदर, खेलगांव, डोरंडा, कांके, ओरमांझी, सिल्ली समेत जिले के सभी थाना और ओपी में निर्धारित समय के अनुसार जन शिकायत समाधान शिविर लगाया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम के बेहतर समन्वय के लिए ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह भी निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

रांची पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की पुलिस संबंधी शिकायत, समस्या या सुझाव हो तो वे 8 जुलाई को अपने नजदीकी थाना या ओपी में निर्धारित समय पर पहुंचकर सीधे वरीय पुलिस अधिकारियों से मिलें और अपनी समस्या रखें। पुलिस का दावा है कि अधिकतम शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया जाएगा, जबकि जटिल मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31