मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत दौरे के तहत सोमवार को आगरा पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी जीनेट रुबियो भी मौजूद रहीं। दोनों ने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की खूबसूरती का दीदार किया।
विशेष विमान से पहुंचे खेरिया एयरबेस
अमेरिकी विदेश मंत्री शनिवार से भारत यात्रा पर हैं। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह विशेष विमान से आगरा के खेरिया वायुसेना हवाई अड्डे पहुंचे। वहां से उनका काफिला सीधे ताजमहल के शिल्पग्राम पहुंचा।
गोल्फ कार्ट से पहुंचे ताजमहल परिसर
मार्को रुबियो और उनकी पत्नी गोल्फ कार्ट के जरिए ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंचे और वहां से पैदल परिसर में प्रवेश किया। उनके साथ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के कुछ सदस्य भी मौजूद थे।
डायना बेंच पर खिंचवाई तस्वीरें
ताजमहल की खूबसूरती से प्रभावित मार्को रुबियो ने पत्नी जीनेट के साथ मशहूर डायना बेंच पर फोटोग्राफी भी कराई। इस दौरान गाइड नितिन गुप्ता ने उन्हें ताजमहल के इतिहास और निर्माण से जुड़ी जानकारियां दीं।
पांच सितारा होटल में किया लंच
ताजमहल भ्रमण के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री आगरा के एक पांच सितारा होटल पहुंचे, जहां उन्होंने अल्प विश्राम और लंच किया। इसके बाद उनके जयपुर रवाना होने का कार्यक्रम तय है।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
आगरा पुलिस और प्रशासन ने अमेरिकी विदेश मंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। खेरिया एयरबेस से लेकर ताजमहल और होटल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क रहीं।






