₹350 करोड़ के निवेश से बिहार में 2300 रोजगार के अवसर, 20 औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी

Share

उद्योग विभाग की PCC बैठक में 20 प्रस्ताव स्वीकृत

पटना : उद्योग विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी (PCC) की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 20 औद्योगिक परियोजनाओं को लगभग 30 एकड़ भूमि आवंटित करने की स्वीकृति दी गई।

इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग ₹350 करोड़ के निवेश का अनुमान है, जिससे करीब 2300 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि नई औद्योगिक परियोजनाएँ बिहार के औद्योगिक और तकनीकी विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि इन इकाइयों के स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार और कौशल आधारित अवसर प्राप्त होंगे। राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करते हुए बिहार को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार संतुलित एवं समग्र औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। BIADA के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही मजबूत आधारभूत संरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और सरल प्रक्रियाओं के जरिए उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।

समिति द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं में फूड प्रोसेसिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, PEB फैब्रिकेशन, फर्नीचर निर्माण, PVC एवं UPVC पाइप निर्माण, CBG, हेल्थकेयर और जनरल मैन्युफैक्चरिंग जैसे विविध क्षेत्र शामिल हैं।

ये परियोजनाएँ राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी, जिनमें IA कुमारबाग, IGC बेगूसराय, IA हाजीपुर, IA पाटलिपुत्र, IA बरियारपुर और IA सासाराम प्रमुख हैं।

स्वीकृत प्रमुख कंपनियों में Bharat GPS Bioenergy Pvt Ltd, Crispano Foods & Beverage Pvt Ltd, SP Institute of Workforce Development Pvt Ltd, Experia Prefaxo Pvt Ltd, Rayush Healthcare Pvt Ltd और Makhayo Foods Pvt Ltd सहित अन्य कंपनियाँ शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होने की उम्मीद है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31