गुवा सेल खदान का 72 घंटे बाद चक्का जाम खत्म, 19 गांवों के बेरोजगार युवाओं को नौकरी में मिलेगी प्राथमिकता

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 14 मई। सेल की गुवा लौह अयस्क खदान में 11 मई से जारी अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन बुधवार देर रात समाप्त हो गया। लगभग 72 घंटे तक चले इस आंदोलन के कारण खदान क्षेत्र में लौह अयस्क उत्पादन और परिवहन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।

स्थानीय युवाओं के रोजगार को लेकर था आंदोलन

यह आंदोलन खदान प्रभावित 19 गांवों के ग्रामीणों, मुंडा-मानकी संघ और स्थानीय युवाओं द्वारा चलाया जा रहा था। आंदोलन को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा का समर्थन प्राप्त था।

आंदोलनकारी स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने, विस्थापित परिवारों को नौकरी में प्राथमिकता देने और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि सारंडा क्षेत्र से करोड़ों रुपये का लौह अयस्क निकाला जा रहा है, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।

देर रात तक चली त्रिपक्षीय वार्ता

बुधवार शाम 7 बजे से देर रात 11 बजे तक प्रशासन, सेल प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। लंबी बातचीत के बाद सभी पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की गई।

ग्राम सभा तैयार करेगी बेरोजगार युवाओं की सूची

समझौते के तहत 19 गांवों के मानकी और मुंडा ग्राम सभा आयोजित कर शिक्षित एवं कार्यकुशल बेरोजगार युवाओं की सूची तैयार करेंगे। यह सूची गुवा थाना प्रभारी को सौंपी जाएगी।

इसके बाद पुलिस प्रशासन शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक जांच करेगा। जांच पूरी होने के बाद आवश्यकता के अनुसार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

बाहरी लोगों को नहीं मिलेगी प्राथमिकता

समझौते में यह भी तय किया गया कि रोजगार प्रक्रिया में केवल संबंधित 19 गांवों के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। बाहरी लोगों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।

वार्ता में प्रशासन और सेल प्रबंधन के अधिकारी रहे मौजूद

वार्ता में सेल प्रबंधन की ओर से सीजीएम माइंस चंद्रभूषण कुमार, सीजीएम एचआर धीरेन्द्र मिश्रा, महाप्रबंधक डॉ. टी.सी. आनंद, महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह और उप महाप्रबंधक अनिल कुमार मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से जगन्नाथपुर एसडीओ महेंद्र छोटन उरांव, किरीबुरू एसडीपीओ अजय केरकेट्टा, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, बीडीओ पप्पू रजक, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार और छोटानागरा थाना प्रभारी सैनिक समद उपस्थित थे।

आंदोलन समाप्त होते ही सामान्य होने लगी व्यवस्था

आंदोलन समाप्त होने के बाद देर रात से खदान क्षेत्र में लौह अयस्क परिवहन और उत्पादन व्यवस्था को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031