रांची — हेमंत सोरेन से गुरुवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें 5 लाख रुपये का चेक, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
पाल्क स्ट्रेट पार कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैराकी करते हुए भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट (29 किलोमीटर) को पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद इशांक को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया गया है।
“झारखंड का नाम दुनिया में रोशन किया”
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इशांक सिंह ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम से देश-दुनिया में झारखंड का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रतिभाशाली बच्चों को मिलेगा बेहतर प्लेटफॉर्म
हेमंत सोरेन ने कहा कि इशांक सिंह जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को तैराकी प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश भी दिया।
माता-पिता और कोच भी सम्मानित
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर इशांक सिंह के माता-पिता और कोच को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में खेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






