आपत्तिजनक बयान, छवि धूमिल करने और धमकी देने का आरोप
रांची/गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में सियासी तनाव बढ़ गया है। पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है।
शिकायत के मुताबिक, 22 अप्रैल को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक ने पूर्व मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और निराधार बयान दिए। आरोप है कि उन्हें “डकैती करने वाला” और “जमीन लूट में शामिल” जैसे शब्दों से संबोधित किया गया, साथ ही उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
पूर्व मंत्री का कहना है कि यह बयान सोशल मीडिया और स्थानीय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को गहरी क्षति पहुंची है। उन्होंने पुलिस से वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित करने और तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह के बयानों से उनकी जान-माल की सुरक्षा को खतरा हो सकता है और समाज में उनके खिलाफ गलत संदेश जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।






