रांची। अमिताभ कुमार गुप्ता को झारखंड का नया लोकायुक्त नियुक्त किया गया है। संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार की अनुशंसा पर इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
लोकभवन से मिली जानकारी के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद जल्द ही उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
न्यायिक सेवा में लंबा अनुभव
अमिताभ कुमार गुप्ता इससे पहले झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1997 में न्यायिक सेवा में प्रवेश किया और संयुक्त बिहार के समय एडीजे (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश) के रूप में कार्य किया।
वे बहुचर्चित चारा घोटाला मामले की सुनवाई करने वाले न्यायाधीशों में शामिल रहे। वर्ष 2013 में वे झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने और 30 मई 2021 को सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद उन्होंने आरआरडीए ट्रिब्यूनल के चेयरमैन के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
संवैधानिक प्रक्रिया से होती है नियुक्ति
लोकायुक्त एक संवैधानिक पद है, जिसकी नियुक्ति राज्यपाल द्वारा की जाती है। इसके लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति गठित होती है, जिसमें उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और विधानसभा में विपक्ष के नेता शामिल होते हैं।
समिति की अनुशंसा के आधार पर चयनित व्यक्ति को राज्यपाल या उनके द्वारा अधिकृत अधिकारी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाते हैं।






