रांची, 09 अप्रैल । संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को रांची स्थित लोक भवन में लेखिका अंजनी चौधरी की पुस्तक “Where There is Risk, There is an Actuary” का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक समाज के लिए उपयोगी साबित होगी और विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को नई दिशा देगी।
तेजी से बदलते दौर में सही आकलन जरूरी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि देश इस समय तेज विकास और तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। वित्तीय क्षेत्र में भी व्यापक बदलाव देखने को मिल रहे हैं और भारत डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जोखिम का सही आकलन और सोच-समझकर निर्णय लेना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
युवाओं के लिए उपयोगी होगी पुस्तक
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि यह पुस्तक युवाओं को एक्चुरियल साइंस के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को समझने में मदद करेगी और उन्हें सही दिशा प्रदान करेगी।
दो वर्षों में तैयार हुई पुस्तक
इस मौके पर लेखिका अंजनी चौधरी ने बताया कि इस पुस्तक को लिखने में करीब दो वर्षों का समय लगा। उन्होंने कहा कि इसमें एक्चुरियल प्रोफेशन के विभिन्न पहलुओं—जैसे आवश्यक कौशल, करियर के अवसर और चुनौतियों—को सरल और व्यापक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका
लेखिका ने कहा कि देश में तेजी से विकास हो रहा है, जिसके चलते बैंकिंग, बीमा और स्टॉक मार्केट जैसे क्षेत्रों में सटीक आकलन और निर्णय की आवश्यकता बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि एक्चुरियल साइंस इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और समाज व अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में लेखिका ने पुस्तक के लोकार्पण के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।






