सुपौल में ठेकेदार के घर 10-12 नकाबपोश बदमाशों ने की भीषण डकैती, हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर 60 लाख तक की संपत्ति लूटी

Share

—10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने एक घंटे तक की लूटपाट, महिलाओं के पहने हुए जेवर भी उतरवाए

सुपौल, 12 अक्टूबर। बिहार के सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ठेकेदार के घर भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 10 से 12 नकाबपोश अपराधियों ने ठेकेदार सतेंद्र नारायण सिंह और उनके परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की। पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती कपड़े और अन्य सामान समेत करीब 60 से 65 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

रात 1:20 बजे घर में घुसे हथियारबंद बदमाश

पीड़ित सतेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि रविवार देर रात करीब 1:20 बजे बदमाश चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए थे। सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे और उनके हाथों में हथियार थे। इनमें से करीब पांच बदमाश उनके कमरे में घुस गए, जबकि अन्य बाहर मौजूद थे।

एक बदमाश ने उनके सिर पर कट्टा सटाकर अलमारी की चाबी मांगी। विरोध करने या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के समय घर में सतेंद्र नारायण सिंह, उनकी पत्नी और मां मौजूद थीं।

अलमारियां खंगालीं, महिलाओं के जेवर भी उतरवाए

पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने घर की एक-एक अलमारी खंगाली और उसमें रखे कीमती सामान समेट लिए। उन्होंने घर में मौजूद महिला के पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए। हथियारबंद अपराधियों के डर से परिवार के सदस्य विरोध नहीं कर सके।

पीड़ित परिवार ने बताया कि बदमाश करीब 20 भरी सोने की चूड़ियां, लगभग 500 ग्राम चांदी, नकदी, कीमती कपड़े और अन्य सामान ले गए। लूटी गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 60 से 65 लाख रुपये बताया गया है। हालांकि, नकदी और अन्य सामान का विस्तृत ब्योरा सामने आना बाकी है।

एक घंटे तक घर में रहे बदमाश, बाहर से लगा दी कुंडी

पीड़ित के अनुसार, बदमाश करीब एक घंटे तक घर में रहे और बेखौफ होकर लूटपाट करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे मुख्य दरवाजे से बाहर निकले और दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी। इससे परिवार के सदस्य तत्काल बाहर निकलकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी नहीं दे सके।

घटना की खबर फैलने के बाद मोहल्ले के लोगों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर जुट गई। वारदात से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी, बदमाशों की पहचान के प्रयास

घटना की सूचना मिलने के बाद करजाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घर के कुछ हिस्सों को सील किया है और बदमाशों की पहचान करने के साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना से संबंधित अन्य तथ्यों और लूटी गई संपत्ति के वास्तविक मूल्य की पुष्टि हो सकेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031