सीमांचल एक्सप्रेस में पैंट्री स्टाफ की दबंगई, सीट को लेकर मारपीट; वकील का सिर फोड़ा- छह हिरासत में

Share

अररिया: आनंद विहार से जोगबनी जाने वाली सीमांचल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12488) में पैंट्री कार कर्मचारियों की दबंगई का मामला सामने आया है। सीट को लेकर हुए विवाद में अधिवक्ता और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई, जिसमें अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपित कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया है।

जनरल बोगी में सीट के लिए वसूली का आरोप

पीड़ित अधिवक्ता अबू शमा और उनकी पत्नी नुसरत प्रवीण के अनुसार, वे बीएड परीक्षा देकर लौट रहे थे और आरक्षित टिकट नहीं मिलने पर जनरल टिकट लेकर दीनदयाल उपाध्याय नगर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनरल बोगी में पैंट्री कार कर्मचारियों ने कब्जा जमा रखा था और यात्रियों से पैसे लेकर सीट दी जा रही थी। करीब एक घंटे तक खड़े रहने के बाद जब उन्होंने बैठने के लिए कहा, तो कहासुनी के बाद कर्मचारियों ने मारपीट शुरू कर दी।

महिला के साथ भी मारपीट, छिनतई का आरोप

पीड़िता के अनुसार, पति को बचाने के दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान उनका मोबाइल और चेन छीन लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

हमले में अधिवक्ता अबू शमा का सिर फट गया। ट्रेन में मौजूद गार्ड से शिकायत करने पर भी कोई ठोस मदद नहीं मिली।

फारबिसगंज स्टेशन पर बढ़ा विवाद

घटना के बाद जब पीड़ित की तबीयत बिगड़ी तो परिजनों को सूचना दी गई। फारबिसगंज स्टेशन पर उनके दो भाई उन्हें लेने पहुंचे।

आरोप है कि ट्रेन खुलने के दौरान पैंट्री कर्मचारियों ने दोनों भाइयों को जबरन ट्रेन में खींच लिया और उनके साथ भी मारपीट की।

यात्रियों ने किया हंगामा, चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन

घटना से आक्रोशित यात्रियों ने हंगामा किया और चेन पुलिंग कर ट्रेन को केजे-65 रेलवे फाटक के पास फुलवरिया हाट के समीप रोक दिया। करीब 40 मिनट तक ट्रेन रुकी रही।

पुलिस ने छह आरोपितों को लिया हिरासत में

सूचना मिलने पर फारबिसगंज डीएसपी राजकिशोर प्रसाद, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह सहित जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने सभी छह आरोपित पैंट्री कार कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है।

सभी आरोपित उत्तर प्रदेश के निवासी

हिरासत में लिए गए सभी कर्मचारी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जांच जारी, कार्रवाई का भरोसा

आरपीएफ के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31