रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में विधानसभा की महिला सदस्यों ने मुलाकात की और उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सभी महिला सदस्यों को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित महिला जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया और राज्य के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

इस दौरान विधानसभा की महिला सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री को राज्य में महिलाओं के उत्थान, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव साझा किए। मुलाकात के दौरान महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने तथा राज्य के विकास में उनकी भूमिका को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई।





