मोतिहारी, 01 सितंबर । बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले को करीब 285 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा जिले के विकास को नई गति देने का भरोसा दिलाया।
नवनिर्मित पुल का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने मजुराहा-बेरुआ घाट पर नवनिर्मित पुल का उद्घाटन किया। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इसके अलावा धनवती नदी पर मजराहा से बालगंगा को जोड़ने वाले नए पुल का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने अरेराज जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आवागमन और सुगम होगा तथा लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय की घोषणा
अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की।
उन्होंने मोतिहारी में तारामंडल (प्लैनेटेरियम) स्थापित किए जाने की भी घोषणा की। इससे जिले के विद्यार्थियों को विज्ञान और खगोल विज्ञान से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जीविका समूहों की महिलाओं को दो लाख रुपये तक की सहायता
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दो लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
पीएचडी करने वाली छात्राओं को हर महीने 10 हजार रुपये छात्रवृत्ति
उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने पीएचडी करने वाली छात्राओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निवेश से युवाओं, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधा मोहन सिंह, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, मंत्री केदार गुप्ता, विधायक कृष्णानंदन पासवान, प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज सहित जिले के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से की गई विकास योजनाओं की घोषणाओं का लोगों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।






