संजय झा के बयान पर तेजस्वी यादव का पलटवार, बोले- ‘पहले अपना पद बचाएं, इन्हीं लोगों ने नीतीश कुमार को फंसाया और राज्यसभा भेज दिया’

Share

पटना, 20 अगस्त । बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने संजय झा के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को राजनीतिक फायदे के लिए किया गया प्रयास बताया था।

तेजस्वी यादव ने कहा कि “संजय झा पहले अपना पद बचाएं। उनकी पार्टी में उनके खिलाफ कितना विरोध है।” उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने नीतीश कुमार को फंसा दिया और उन्हें राज्यसभा भेज दिया। तेजस्वी ने संजय झा पर निशाना साधते हुए कहा कि “यही लोग अमित शाह के चेले हैं।”

रोशन यादव की मौत को लेकर सरकार पर हमला

तेजस्वी यादव गुरुवार को मधुबनी में मृतक रोशन यादव के परिजनों से मिलने जा रहे हैं। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने रोशन यादव की जेल में हुई मौत को लेकर बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि मधुबनी में 19 वर्षीय युवक की जेल में मौत हुई है और प्रशासन से कई सवाल पूछे जा रहे हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रोशन यादव को जबरन उठाया और कई दिनों तक उसके परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी।

उन्होंने कहा कि वह परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी लेंगे। तेजस्वी ने करीब एक सप्ताह पहले ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हुई हत्या का भी जिक्र किया।

‘बिहार को पुलिस स्टेट बनाया जा रहा’

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार पुलिस की कार्रवाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि “बिहार को पुलिस स्टेट बनाया जा रहा है” और उनकी पार्टी इसे स्वीकार नहीं करेगी।

रोशन यादव को लेकर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, रहिका थाना पुलिस ने उसे 27 मई को गिरफ्तार किया था। 31 मई को छोड़े जाने के कुछ ही समय बाद उसे आर्म्स एक्ट के मामले में दोबारा गिरफ्तार किया गया। 10 अगस्त को जेल में उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने इसे आत्महत्या बताया, जबकि परिजनों ने हिरासत में मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद जिलाधिकारी ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।

संजय झा ने तेजस्वी पर साधा था निशाना

इससे पहले संजय झा ने तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को लेकर कहा था कि छात्र आंदोलन से जुड़ा मामला पहले ही सुलझ चुका है, लेकिन तेजस्वी इसे राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने तेजस्वी पर “गैर-मुद्दे को मुद्दा बनाने” का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर उन्हें राज्य के वास्तविक मुद्दों को उठाना चाहिए। संजय झा ने यह भी कहा कि तेजस्वी की राजनीति लगातार विफल हो रही है और उन्हें अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

बीजेपी कार्यालय के सामने तेजस्वी द्वारा वीडियो बनाए जाने पर भी संजय झा ने निशाना साधते हुए इसे “घटिया राजनीति” बताया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी को जनता के बीच जाकर यह समझना चाहिए कि चुनाव में उन्हें क्यों खारिज किया गया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031