शिकोहाबाद पुलिस मुठभेड़: दो कुख्यात बदमाश ढेर, फायरिंग में एसओजी के दो जवान घायल

Share

इटावा/फिरोजाबाद, 17 जुलाई। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाश मारे गए, जबकि इटावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के दो जवान गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

ट्रेन में घेराबंदी के दौरान शुरू हुई फायरिंग

पुलिस के अनुसार, इटावा के एकदिल थाना क्षेत्र में एक चिकित्सक से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल बदमाशों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान एसओजी को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य गाजियाबाद से झारखंड-संबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे ट्रेन से कूदकर स्टेशन के समीप स्थित नगला कन्हई गांव की ओर भाग निकले।

गांव में भी जारी रही गोलीबारी

पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन गांव में भी उन्होंने लगातार पुलिस पर गोलियां चलाईं। फायरिंग में एसओजी के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश ढेर

घटना की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव की चारों ओर से घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने दोबारा पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश मारे गए। उनकी पहचान सुमित और अंकित के रूप में हुई है।

एसएसपी ने दी पूरी जानकारी

इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एसओजी को सटीक सूचना मिली थी कि चेन स्नैचिंग के मामले में वांछित दोनों बदमाश झारखंड-संबलपुर एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने जब उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और ट्रेन से कूदकर गांव की ओर भाग गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर हो गए।

अन्य बदमाशों की तलाश जारी

पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी आसपास के क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

आपराधिक रिकॉर्ड की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारे गए दोनों बदमाश कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। उनके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031