लाइट हाउस प्रोजेक्ट के आवंटियों ने दिया नोटिस का जवाब, अब निगम करेगा फ्लैटों का भौतिक निरीक्षण

Share

रांची: धुर्वा स्थित पंचमुखी मंदिर के पीछे बने लाइट हाउस प्रोजेक्ट में आवंटित फ्लैटों को किराए पर देने के मामले में रांची नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद संबंधित आवंटियों ने अपना जवाब जमा कर दिया है। अब निगम की टीम जवाबों की जांच के बाद फ्लैटों का भौतिक निरीक्षण करेगी।

232 आवंटियों को जारी किया गया था नोटिस

रांची नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त मुकेश रंजन ने बताया कि करीब एक माह पहले 232 आवंटियों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में संबंधित आवंटियों को अपने आवंटित फ्लैट में स्वयं रहने का साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था।

नोटिस के जवाब में आवंटियों की ओर से दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जमा किए गए हैं। फिलहाल निगम इन जवाबों की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद निगम की टीम संबंधित आवंटियों के फ्लैटों का भौतिक निरीक्षण करेगी।

यदि निरीक्षण के दौरान कोई फ्लैट किराए पर दिया हुआ पाया गया, तो नगर आयुक्त के निर्देश के अनुसार संबंधित आवंटी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

300 से अधिक आवंटियों पर फ्लैट किराए पर देने का आरोप

धुर्वा स्थित लाइट हाउस प्रोजेक्ट में 300 से अधिक आवंटियों द्वारा अपने फ्लैट किराए पर दिए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कई आवंटियों ने अपने फ्लैट 5 से 7 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से किराए पर दे रखे हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गरीब और जरूरतमंद लाभुकों को ये फ्लैट आवंटित किए गए थे। योजना की शर्तों के अनुसार आवंटी को आवंटित फ्लैट में स्वयं रहना है। लेकिन कई लाभुकों द्वारा फ्लैट का इस्तेमाल स्वयं रहने के बजाय किराए पर देने के लिए किए जाने की शिकायत के बाद नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की।

चिह्नित आवंटियों को नोटिस जारी कर अपने आवंटित फ्लैट में स्वयं रहने का प्रमाण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था। निगम ने स्पष्ट किया था कि यदि आवंटी स्वयं रहने का प्रमाण प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो फ्लैट का आवंटन रद्द किया जा सकता है।

आवंटन रद्द होने के साथ राशि जब्त करने का भी प्रावधान

लाइट हाउस प्रोजेक्ट के फ्लैट आवंटन की शर्तों का उल्लंघन करने पर संबंधित आवंटी का आवंटन रद्द किया जा सकता है। इसके साथ ही लाभुक द्वारा जमा की गई राशि वापस नहीं करने और उसे जब्त करने का भी प्रावधान है।

131 करोड़ की लागत से बने हैं 1008 फ्लैट

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रांची के आनी मौजा में लाइट हाउस प्रोजेक्ट का निर्माण कराया गया है। करीब पांच एकड़ जमीन पर 131 करोड़ रुपये की लागत से 1008 फ्लैट तैयार किए गए हैं।

परियोजना में नई निर्माण तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यहां आठ मंजिल वाले कुल आठ टावर बनाए गए हैं। एक फ्लैट की लागत करीब 13.29 लाख रुपये है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 6.50 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई है, जबकि शेष 6.79 लाख रुपये लाभुकों ने बैंक से होम लोन के माध्यम से दिए हैं।

PMAY के सभी प्रोजेक्ट के फ्लैटों की होगी जांच

रांची नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने सभी प्रोजेक्ट के फ्लैटों की जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि योजना का दुरुपयोग, आवंटित फ्लैटों को अवैध रूप से किराए पर देना या किसी भी प्रकार के नियम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

“प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने सभी प्रोजेक्ट के फ्लैटों की जांच करने का निर्देश दिया है। योजना का दुरुपयोग, आवंटित फ्लैटों को अवैध रूप से किराए पर लगाना या किसी भी प्रकार के नियम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
— सुशांत गौरव, नगर आयुक्त, रांची

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31