रांची, 29 अप्रैल । पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों को बिना जानकारी दिए मुख्यालय छोड़ने के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए जैप, आईआरबी और एसआईआरबी के पांच कमांडेंट से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह कार्रवाई एस. कार्तिक (डीआईजी, जैप) की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
पांच कमांडेंट को जारी हुआ नोटिस
पुलिस मुख्यालय के आईजी ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जिन इकाइयों के कमांडेंट से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें जैप-5, जैप-8, जैप-9, आईआरबी-9 और एसआईआरबी-2 शामिल हैं।
बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर सख्ती
मुख्यालय को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि कुछ जिलों के एसपी और जैप-आईआरबी के कमांडेंट बिना अनुमति रांची या अन्य जिलों में चले जाते हैं। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया।
लाइव लोकेशन के आधार पर हुई कार्रवाई
मामले की जांच के लिए डीआईजी जैप ने संबंधित अधिकारियों से लाइव लोकेशन मांगी। लोकेशन मिलने के बाद तैयार रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई, जिसके आधार पर मुख्यालय से बाहर पाए गए अधिकारियों से अब जवाब मांगा गया है।
अनुशासन बनाए रखने पर जोर
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सेवा नियमों का पालन अनिवार्य है और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना गंभीर लापरवाही माना जाएगा। अधिकारियों से प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।






