रांची: रांची (झारखंड) से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित हाजी चौक पर ड्यूटी के लिए जा रही महिला कांस्टेबल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतका की पहचान रंजीता एक्का के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
स्कूटी से जा रही थीं, अज्ञात वाहन ने कुचला
जानकारी के अनुसार रंजीता एक्का स्कूटी से ड्यूटी के लिए जा रही थीं, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
पहले भी हादसे में पति की हो चुकी थी मौत
रंजीता एक्का मूल रूप से सिमडेगा जिला पुलिस बल में तैनात थीं और वर्तमान में हाईकोर्ट में ड्यूटी कर रही थीं। दुखद संयोग यह है कि उनके पति, जो स्वयं पुलिसकर्मी थे, की भी पहले एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। पति के निधन के बाद ही रंजीता को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी।
इस घटना के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।





