रांची। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
देर रात वाहनों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने सुनसान समय का फायदा उठाते हुए कई वाहनों को निशाना बनाया। क्षतिग्रस्त गाड़ियों में हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो और सूमो समेत अन्य वाहन शामिल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

डीएसपी स्तर के अधिकारी की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त
तोड़फोड़ की इस घटना में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इससे घटना की गंभीरता को लेकर इलाके में और भी चर्चा तेज हो गई है।
सुबह खुली घटना की पोल, पुलिस जांच में जुटी
मंगलवार सुबह जब वाहन मालिकों ने अपनी गाड़ियों के शीशे टूटे देखे तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






