रांची। बरियातू थाना क्षेत्र में रविवार देर रात शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। गोली लगने से कमड़े, रातू निवासी टोनी लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पेट में गोली लगी है। गंभीर हालत में उसे रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मंडा बगीचा में चल रही थी शराब पार्टी
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात मंडा बगीचा में कई युवक जुटे थे। बताया जा रहा है कि वहां शराब पार्टी चल रही थी। रात करीब दो बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद कई युवक घटनास्थल से भाग निकले।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग के बाद एक युवक खून से लथपथ हालत में वहां पड़ा मिला। कुछ लोगों ने उसे वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी पहचान टोनी लोहरा के रूप में हुई।
विवाद के बाद गोली चलने की बात
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की जानकारी सोमवार सुबह पुलिस को मिली। इसके बाद सदर डीएसपी संजीव बेसरा और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मंडा बगीचा पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के वक्त मंडा बगीचा में कौन-कौन लोग मौजूद थे। घटना के बाद मौके से फरार हुए युवकों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक युवक घायल हुआ है। उसके पेट में गोली लगी है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






