पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज , पटना स्थित वाल्मी (जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान) परिसर में बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
छात्रों से संवाद, बेहतर प्रशिक्षण पर जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं में अध्ययन कर रहे छात्रों से बातचीत की और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि छात्र मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करें ताकि भविष्य में बेहतर रोजगार हासिल कर सकें। उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
छात्रावास और सुविधाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने हिमाद्री छात्रावास सहित अन्य छात्रावासों का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे परिसर को व्यवस्थित रखा जाए और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





