भाजपा कभी भी आदिवासियों का वास्तविक भला नहीं कर सकती — शिल्पी नेहा तिर्की

Share

डिब्रूगढ़/रांची: असम विधानसभा चुनाव के दौरान आज कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भाजपा कभी भी आदिवासी समाज का वास्तविक भला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि असम का समग्र विकास केवल कांग्रेस के शासनकाल में हुआ था और आज यह सच्चाई हर वर्ग की जनता महसूस कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय चाय बागान क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल खोले गए थे, ताकि आदिवासी परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और उनका भविष्य सशक्त बन सके। लेकिन भाजपा शासन में लगभग 6000 विद्यालयों पर ताले लगा दिए गए, जिससे चाय बागान में काम करने वाले आदिवासी समुदाय के हजारों बच्चे शिक्षा से वंचित हो गए। यह अत्यंत चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

शिल्पी नेहा तिर्की ने आगे कहा कि कांग्रेस शासनकाल में चाय कंपनियों से अलग तथा सरकार की ओर से अलग राशन की व्यवस्था थी, जिससे श्रमिक परिवारों को बड़ी राहत मिलती थी। भाजपा सरकार के आने के बाद कंपनी से मिलने वाला राशन भी बंद करवा दिया गया। कांग्रेस के समय कंपनियां श्रमिकों के बिजली बिल का भुगतान करती थीं, लेकिन अब यह सुविधा समाप्त कर दी गई है। इसके उलट स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों को भारी-भरकम बिजली बिल थमाया जा रहा है, जिससे गरीब श्रमिक परिवार आर्थिक संकट में हैं।

उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और सब समझ रही है। आदिवासी समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुका है और जनहितकारी कांग्रेस सरकार को पुनः स्थापित करने का मन बना चुका है।

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि अब समय शिक्षा, सम्मान और अधिकारों की बहाली का है — और यह केवल कांग्रेस के साथ ही संभव है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram