पटना। बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने गुरुवार को विभाग की उपलब्धियों, राजस्व संग्रह, अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई और खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक एवं पारदर्शी प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रयासों और विभागीय निगरानी के चलते वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में विभाग ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
पहली तिमाही में 23 प्रतिशत बढ़ा राजस्व
पत्रकार वार्ता में मंत्री ने बताया कि जून 2026 तक विभाग ने 505.26 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 409.62 करोड़ रुपये था।
उन्होंने कहा कि इस तरह राज्य को 95.64 करोड़ रुपये (करीब 23 प्रतिशत) अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। यह वृद्धि पारदर्शी व्यवस्था, प्रभावी निगरानी और खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।
अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई
डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विभाग लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक—
- 12,877 छापेमारी की गई।
- 674 प्राथमिकी दर्ज की गई।
- 248 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
- 1,945 वाहनों को जब्त किया गया।
- दंड मद में 23.20 करोड़ रुपये की वसूली की गई।
उन्होंने बताया कि यह राशि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.58 करोड़ रुपये (करीब 18 प्रतिशत) अधिक है। उन्होंने दोहराया कि अवैध खनन के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।
खनिज ब्लॉकों की नीलामी में तेजी
मंत्री ने कहा कि बिहार में महत्वपूर्ण और दुर्लभ खनिजों के वैज्ञानिक दोहन की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की रिपोर्ट के आधार पर 14 प्रमुख खनिज ब्लॉक नीलामी के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से—
- चुटिया-नौहट्टा ग्लूकोनाइट ब्लॉक (रोहतास)
- पिपराडीह-भुरवा ग्लूकोनाइट ब्लॉक (रोहतास)
- गंजाना निकेल-क्रोमियम एवं पीजीई ब्लॉक (गया)
की सफल नीलामी खान मंत्रालय द्वारा कराई जा चुकी है। वहीं भोरा-कटरा लाइमस्टोन ब्लॉक (रोहतास) की नीलामी राज्य सरकार ने कराई है।
नए खनन पट्टों की जल्द निकलेगी निविदा
डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि जमुई जिले के मंजोस और भंटा में लौह अयस्क के ब्लॉक तथा बांका जिले के पिंडारा में कॉपर-लेड-जिंक ब्लॉक की निविदा जल्द आमंत्रित की जाएगी।
इसके अलावा नवादा जिले के आठ पत्थर खनन पट्टों की निविदा प्रकाशन के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को भेज दी गई है। वहीं बांका, रोहतास, औरंगाबाद, गया, शेखपुरा और कैमूर जिलों में भी पत्थर खनन पट्टों की निविदा प्रक्रिया जारी है।
औद्योगिक विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस
मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार खनिज संसाधनों के संरक्षण, वैज्ञानिक एवं पारदर्शी उपयोग, पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के माध्यम से राज्य के औद्योगिक विकास को गति देना और अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करना भी है।






