पटना । बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2026 का परीक्षाफल जारी कर दिया गया है। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने परीक्षाफल जारी किया। इस दौरान बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर उपस्थित रहें।
मंत्री ने बताया कि परीक्षा में 85.19 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित हुए हैं। जिनमें छात्राओंका प्रतिशत 86.23 प्रतिशत और छात्रों का प्रतिशत 84.09 प्रतिशत है।
बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में 13.17 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जिनमें 6.75 लाख छात्राएं और 6.42 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थें।
आदित्य प्रकाश अमन ने साइंस में किया टॉप
अगर टॉपर्स की बात करें तो विज्ञान स्ट्रीम में आदित्य प्रकाश अमन ने 96.20% अंक हासिल कर पहला स्थान पाया। वहीं कला स्ट्रीम में निशु कुमारी ने 95.80% अंक के साथ टॉप किया और वाणिज्य स्ट्रीम में अदिति कुमारी ने 96.00% अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया। तीनों स्ट्रीम को मिलाकर टॉप 5 में कुल 26 छात्रों ने जगह बनाई है, जिनमें 19 लड़कियां और 7 लड़के शामिल हैं, जो यह दिखाता है कि इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन ज्यादा बेहतर रहा।
लड़कियों के प्रदर्शन की बात करें तो इस बार उनका पास प्रतिशत 86.23% रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 84.09% दर्ज किया गया। यानी साफ तौर पर देखा जाए तो लड़कियां पढ़ाई में आगे रही हैं। इसके पीछे सरकार की विभिन्न योजनाएं और शिक्षा को लेकर बढ़ती जागरूकता भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
93.07 फीसदी छात्र कॉमर्स में पास
स्ट्रीम वाइज प्रदर्शन में कॉमर्स स्ट्रीम सबसे आगे रहा, जहां 93.07% छात्र पास हुए। इसके बाद विज्ञान स्ट्रीम में 87.46% और कला स्ट्रीम में 82.76% छात्र सफल रहे। इससे यह भी साफ होता है कि इस बार सभी स्ट्रीम में छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
परीक्षा का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के बीच किया गया था और 27 फरवरी से कॉपियों की जांच शुरू हुई थी। करीब 69 लाख से ज्यादा कॉपियों की जांच कर इतने कम समय में रिजल्ट तैयार करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।





