बिहार को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

Share

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा के विकास और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नई परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का प्रभावी एवं व्यापक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों तक योजना का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज किया जाए और सभी प्रक्रियाओं को सरल एवं समयबद्ध बनाया जाए।

पीएम-कुसुम योजना से किसानों को मिलेगा लाभ

सम्राट चौधरी ने पीएम-कुसुम योजना के तहत कृषि क्षेत्र के सौरकरण को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने से खेती की लागत कम होगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य के जलाशयों और अन्य उपयुक्त स्थलों का वैज्ञानिक अध्ययन कर नई परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि बिहार नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में नई उपलब्धियां हासिल कर सके।

ग्रीन हाइड्रोजन नीति पर भी हुई चर्चा

बैठक में राज्य के लिए ग्रीन हाइड्रोजन नीति तैयार करने की दिशा में आवश्यक पहल पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं और औद्योगिक विकास को देखते हुए बिहार को उभरती स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के लिए तैयार करना जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निजी निवेश आकर्षित करने के लिए निवेशकों के अनुकूल और पारदर्शी वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए।

ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज होंगे प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सौर ऊर्जा क्षमता का वैज्ञानिक आकलन कर उसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उत्पादन, वितरण और ऊर्जा अवसंरचना को और मजबूत बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता को देखते हुए भारत को स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना होगा। सभी नवीकरणीय ऊर्जा योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रधानमंत्री के ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बिहार में साकार किया जा सके।

केंद्रीय मंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का बिहार आकर योजनाओं की समीक्षा करने और राज्य को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सुझाव देने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन सुझावों पर तेजी से अमल करेगी और बिहार को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31