बिहार के 700 मॉडल स्कूलों में शुरू हुआ ‘बिहार विद्या साथी’, 3 लाख छात्रों को 24×7 मिलेगा वन-टू-वन शिक्षक सहयोग; AI से आसान होगी पढ़ाई

Share

पटना, 24 अगस्त । बिहार के विद्यार्थियों के लिए सरकार ने डिजिटल शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध रहने वाले वन-टू-वन इंटरैक्टिव शैक्षणिक प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐप के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े सवालों का समाधान आसानी से मिल सकेगा और उन्हें चौबीसों घंटे ऑनलाइन शिक्षक का सहयोग उपलब्ध होगा।

700 स्कूलों के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को लाभ

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के सभी 38 जिलों के 700 मॉडल विद्यालयों से शुरू की गई इस पहल से करीब तीन लाख विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिलेगा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे और सातों दिन लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे।

विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के जरिए पढ़ाई कर सकेंगे।

75 हजार शिक्षक देंगे व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग

मुख्यमंत्री के मुताबिक करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराएंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को सभी विषयों में लाइव ट्यूटर सपोर्ट मिलेगा, जबकि कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी लाइव शिक्षक की सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को बिहार बोर्ड, जेईई और नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

AI से बेहतर होगी कॉन्सेप्ट लर्निंग

‘बिहार विद्या साथी’ में आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाने और उनकी शंकाओं का समाधान करने में मदद मिलेगी।

विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। सरकार की योजना इस व्यवस्था को शुरुआती 700 मॉडल विद्यालयों के बाद राज्य के अन्य स्कूलों तक भी विस्तार देने की है।

‘कहीं भी हों, जब चाहें शिक्षक का सहयोग मिले’

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए ज्ञान एवं कौशल के जरिए जीवन में आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें विद्यार्थी कहीं भी हों और जब भी पढ़ाई करना चाहें, उनके सवालों का जवाब और शिक्षक का सहयोग उपलब्ध रहे।

छात्राओं ने ऐप का डेमो दिया

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने ऐप के इस्तेमाल का डेमो प्रस्तुत किया।

छात्राओं ने ऐप की सुविधाओं और उससे मिलने वाले शैक्षणिक लाभों की जानकारी दी और इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031