– कमरे में बेड पर मिला शव, चेहरे पर रखा था तकिया; मुख्य दरवाजा बाहर से था बंद
सहरसा, 18 सितंबर। बिहार के सहरसा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर वार्ड 15 में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत उर्फ राजा (26) की उसके घर में हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह उनका शव कमरे में बेड पर मिला। चेहरे पर तकिया रखा हुआ था और घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल से खून के छींटे, बिखरा सामान और इधर-उधर पड़ी चप्पलें मिली हैं। मृतक का मोबाइल फोन भी गायब बताया जा रहा है।
गोली मारकर हत्या की आशंका
पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों के अनुसार अभिजीत के माथे के बाईं ओर गोली लगने के निशान मिले हैं। हालांकि, मौत गोली लगने से हुई या चेहरे पर तकिया दबाने से, इसकी स्पष्ट पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि युवक का शव उसके घर से बरामद हुआ है और प्रथमदृष्टया गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि घटना से पहले अभिजीत अपने दोस्तों के साथ पार्टी में गया था और रात करीब दो बजे तक खाना खाया था। इसके बाद की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, रात दो बजे के बाद हत्या किए जाने की आशंका है।

मोबाइल बंद होने पर दोस्त पहुंचा घर
बताया जाता है कि सुबह अभिजीत का मोबाइल स्विच ऑफ मिलने के बाद उसका एक दोस्त घर पहुंचा। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। खिड़की से अंदर देखने पर बेड पर अभिजीत का शव दिखाई दिया। उसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था। इसके बाद दोस्त ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह, सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं।
दोस्तों और परिचितों से पूछताछ
पुलिस हत्या के कारण और आरोपितों की पहचान के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। दोस्तों और परिचितों से पूछताछ के अलावा पुराने विवादों, हालिया गतिविधियों और मृतक के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक के चाचा अवधेश सिंह ने आशंका जताई है कि घटना में अभिजीत के परिचित या दोस्तों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने बताया कि अभिजीत शुक्रवार को नई स्कॉर्पियो गाड़ी लेने की बात कह रहा था और उसके पास करीब 10 लाख रुपये थे। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है।
जमीन से जुड़े लेन-देन की भी जांच
मृतक के चचेरे भाई मासूम सिंह के अनुसार, अभिजीत हाल में सुपौल के बरुबारी गांव गया था। वहां जमीन से जुड़े लोगों से पैसे लेने की बात बताई गई थी। उसके साथ सहरसा का रहने वाला दोस्त आर्यन सिंह भी था।
मासूम के अनुसार, गुरुवार को आर्यन ने उनसे अभिजीत से बात कराने को कहा था। बाद में उसने बताया कि अभिजीत बाथरूम में है और बाहर निकलकर फोन करेगा। शुक्रवार को हत्या की जानकारी मिलने के बाद मासूम ने आर्यन से बात की तो उसने खुद को दरभंगा में बताया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
पुराने आपराधिक मामलों की भी पड़ताल
पुलिस के अनुसार, अभिजीत के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और लूट समेत कई मामले दर्ज थे। आर्म्स एक्ट के एक मामले में वह जेल भी गया था और मार्च में बाहर आया था। पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों, हालिया गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

24 अगस्त को बने थे भाजयुमो जिला महामंत्री
अभिजीत सिंह राजपूत को 24 अगस्त 2026 को भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला महामंत्री नियुक्त किया गया था। हत्या के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत के कारण तथा घटना के तरीके को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।






