बिहार के पूर्वी चंपारण में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली का कहर, तीन मासूम समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत, दो घायल

Share

–आधा दर्जन घर जलकर राख

पूर्वी चंपारण, 04 मई।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सोमवार दोपहर आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच ठनका गिरने तथा पेड़ गिरने से अलग-अलग घटनाओं में तीन मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।

सुगौली में ठनका गिरने से दो बच्चों की मौत

सुगौली थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में बगीचे में खेल रहे बच्चों पर आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय सन्नी देओल कुमार और 8 वर्षीय अंशु कुमारी के रूप में हुई है। वहीं 9 वर्षीय मंतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रामगढ़वा में आग से तीन वर्षीय बच्ची की मौत

रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में आकाशीय बिजली ताड़ के पेड़ पर गिरने से आग लग गई, जो तेजी से पास की झोपड़ियों तक फैल गई। इस भीषण अगलगी में आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख हो गए।

इस घटना में अपने ननिहाल आई 3 वर्षीय सरस्वती कुमारी की जलने से मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय चंदन महतो घायल हो गया। अंचलाधिकारी ने क्षति का आकलन कर पीड़ितों को सहायता राशि देने का निर्देश दिया है।

ढाका-मोतिहारी पथ पर पेड़ गिरने से दो की मौत

ढाका-मोतिहारी मार्ग पर रूपडीह के समीप तेज आंधी के कारण एक बड़ा पेड़ सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा पर गिर गया। इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान धीरज कुमार और 7 वर्षीय चुनचुन कुमार के रूप में हुई है।

राहत-बचाव कार्य जारी

जिले में हुई इन घटनाओं के बाद आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम और क्षति के आकलन की रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930