पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान की मतगणना रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी बढ़त बना ली है। दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने तक भाजपा उम्मीदवार देवांशु पांडे 15 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
माकपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर
अब तक सामने आए रुझानों के अनुसार दूसरे स्थान पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, तीसरे पर कांग्रेस और चौथे स्थान पर तृणमूल कांग्रेस चल रही है। पोस्टल बैलेट की गिनती में भी भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिली है।
डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय में हो रही मतगणना
मतों की गिनती डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय में की जा रही है। यहां 19 टेबलों पर कुल 21 राउंड में मतगणना जारी है। केंद्रीय बलों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है।
तृणमूल का कोई काउंटिंग एजेंट नहीं पहुंचा
मतगणना केंद्र पर भाजपा, माकपा और कांग्रेस के काउंटिंग एजेंट मौजूद हैं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस का कोई एजेंट केंद्र पर नहीं पहुंचा। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
मतदान से पहले हट गए थे तृणमूल उम्मीदवार
गौरतलब है कि तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान ने मतदान से 48 घंटे पहले ही मुकाबले से हटने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद से सीट पर मुकाबला भाजपा, माकपा और कांग्रेस के बीच सिमटता नजर आया।
धांधली के आरोपों के बाद हुआ था पुनर्मतदान
फलता विधानसभा सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान कराया गया था। इससे पहले 29 अप्रैल को हुए मतदान को बड़े पैमाने पर धांधली और ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों के कारण रद्द कर दिया गया था। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था।
भाजपा खेमे में उत्साह
राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले ही 207 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। यदि फलता सीट पर भी पार्टी जीत दर्ज करती है तो उसका आंकड़ा 208 तक पहुंच जाएगा। शुरुआती रुझानों के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।






