‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत का उदय देख रही’, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर बोले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Share

पटना, 13 सितम्बर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना में सहायक प्राध्यापकों के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया भारत का उदय देख रही है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को और मजबूत किया है। भारत अब वैश्विक मुद्दों पर केवल अपनी बात रखने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया को दिशा देने और साझा समाधान प्रस्तुत करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभर रहा है।

ब्रिक्स में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ने दुनिया के सामने भारत के बढ़ते प्रभाव को प्रदर्शित किया है। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में शांति, सहयोग और संवाद की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। ब्रिक्स देशों की ओर से बहुपक्षवाद, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और अधिक न्यायपूर्ण एवं संतुलित वैश्विक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण संदेश है।

नई दिल्ली घोषणापत्र को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी नेतृत्व की ऐतिहासिक मिसाल बनकर उभरा है। वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच प्रधानमंत्री की कुशल कूटनीति से सदस्य देशों को एक मंच पर लाकर सर्वसम्मति से ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ पारित कराया गया। यह भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है।

ग्लोबल साउथ की आवाज को मिली मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र और अन्य वैश्विक संस्थाओं में सुधारों की वकालत करते हुए ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को मजबूती से उठाया। उनके नेतृत्व में ब्रिक्स ने वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए सुरक्षित और निरंतर ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, प्राचीन धरोहरों को उनके मूल देशों में वापस लाने का संकल्प शामिल कराकर सांस्कृतिक संप्रभुता के सम्मान का संदेश दिया गया।

सुरक्षा परिषद में भारत-ब्राजील की स्थायी सदस्यता का समर्थन

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत और ब्राजील की स्थायी सदस्यता के समर्थन से वैश्विक शासन व्यवस्था में विकासशील देशों की बढ़ती भूमिका को बल मिला है। भारत लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण, लोकतांत्रिक और वर्तमान वैश्विक वास्तविकताओं के अनुरूप बनाने की आवश्यकता पर जोर देता रहा है।

आतंकवाद के खिलाफ ब्रिक्स देशों के रुख का स्वागत

मुख्यमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ ब्रिक्स देशों के स्पष्ट और दृढ़ रुख का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा और आतंकवाद के सभी रूपों एवं तरीकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रतिबद्धता आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक एकजुटता का महत्वपूर्ण संदेश है।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद की फंडिंग, आतंकवादियों की सीमा पार आवाजाही और उन्हें सुरक्षित पनाहगाह उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है।

एआई और डिजिटल तकनीक में सहयोग पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ती अनिश्चितता के बीच नियम आधारित, खुली और निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था समय की आवश्यकता है। एआई, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत की तकनीकी क्षमता और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का अनुभव विकासशील देशों के लिए व्यापक रूप से उपयोगी साबित हो सकता है।

भारत का बढ़ता प्रभाव हर भारतीय के लिए गौरव : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का बढ़ता वैश्विक प्रभाव प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। भारत आज वैश्विक चुनौतियों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ विकासशील देशों की आवाज को भी मजबूती से सामने रख रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930