कोलकाता, 16 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पश्चिम बंगाल के लोगों से 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाने की अपील की गई है। राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने लोगों से प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के लिए दीप प्रज्ज्वलित कर प्रार्थना करने का आह्वान किया है।
17 सितंबर को दीप जलाने की अपील
शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार सुबह जारी अपने वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को विशेष रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान उनकी करीब 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रसेवा की यात्रा को भी स्मरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने तक नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा आगामी 7 अक्टूबर को 25 वर्ष पूरी करने जा रही है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इसी अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को पूरे पश्चिम बंगाल में ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए जाएंगे और सर्वशक्तिमान ईश्वर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना की जाएगी।
देशसेवा के लिए स्वस्थ रहने की कामना
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आने वाले वर्षों में भी देशसेवा के लिए स्वयं को समर्पित रखते हुए कार्य करते रहें, इसी उद्देश्य से उनके जन्मदिन पर प्रार्थना की जाएगी।
लोगों से अभियान में शामिल होने की अपील
शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के लोगों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करने का आग्रह किया।






