पीएमसीएच में अब 2500 बेड पर मिलेगी आधुनिक चिकित्सा सुविधा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टावर-3 का किया उद्घाटन

Share

—पुनर्विकास योजना के तहत नवनिर्मित अस्पताल भवन का लोकार्पण, पीकू वार्ड और मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का भी किया निरीक्षण

पटना, 12 अक्टूबर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) की पुनर्विकास योजना के पहले चरण के तहत नवनिर्मित अस्पताल भवन टावर-3 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पीकू वार्ड और मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित टावर-3 के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीकू) वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, पीकू वार्ड, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने टावर-3 के छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी)-22 का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों, स्त्री रोग संबंधी ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का भी जायजा लिया।

ओपीडी पंजीकरण और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को टावर-3 के भूतल पर कियोस्क और काउंटर के माध्यम से ओपीडी मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्हें अल्पाहार गृह की व्यवस्था के साथ पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के तहत अब तक पूरे हो चुके और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया गया।

मरीजों की सुविधा और अस्पताल के रखरखाव पर जोर

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने और सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि पीएमसीएच को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित किया जा सके।

बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएमसीएच के चिकित्सकों और पदाधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने भी पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया और विधायक संजय कुमार उपस्थित रहे।

इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन तथा पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी और चिकित्सक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031