पश्चिमी सिंहभूम में ट्रेलर और कार की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत; मासूम बच्चा सुरक्षित

Share

—हाटगम्हरिया के कुदापी डाउन के पास भीषण हादसा, दो लोग गंभीर रूप से घायल; बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर

कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त

पश्चिमी सिंहभूम, 13 अक्टूबर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह ट्रेलर और कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कुदापी डाउन के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में कार में सवार आठ से नौ महीने का एक मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया। उसे मामूली खरोंचें आई हैं और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

छत्तीसगढ़ से टाटानगर जा रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, कार में सवार परिवार छत्तीसगढ़ की ओर से टाटानगर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाला गया

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर हाटगम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। सुरक्षित बचे मासूम बच्चे को भी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

ट्रेलर जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031