पटना: Nitish Kumar ने सोमवार को विधायक आवासन योजना के तहत बने विधान परिषद अतिथि निवास का उद्घाटन किया। उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर फीता काटा और साथ ही कैंटीन, पुस्तकालय भवन व सामुदायिक केंद्र का भी शुभारंभ किया।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रथम तल से लेकर छत तक जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्माण कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अतिथि निवास विधान परिषद सदस्यों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।

क्या हैं सुविधाएं
विधान परिषद अतिथि निवास पांच मंजिला भवन है, जिसमें बेसमेंट, भूतल और चार मंजिल शामिल हैं। इसमें 30 सुइट रूम, चार लाउंज और एक सिक्योरिटी लाउंज बनाए गए हैं। भवन में आठ लोगों की क्षमता वाली लिफ्ट भी लगाई गई है। प्रत्येक सुइट में किचन, ड्राइंग रूम और अटैच शौचालय सहित बेडरूम की सुविधा दी गई है।
कैंटीन और पुस्तकालय की व्यवस्था
दो मंजिला कैंटीन व पुस्तकालय भवन में डाइनिंग हॉल, किचन, पेंट्री, स्टोर और रेस्ट रूम बनाए गए हैं। वहीं पुस्तकालय में भूतल पर कार्यालय और पुस्तकालय कक्ष तथा प्रथम तल पर रीडिंग हॉल और लॉबी की व्यवस्था की गई है।

सामुदायिक केंद्र भी तैयार
सामुदायिक केंद्र भी दो मंजिला है, जिसमें हॉल, किचन, स्टोर, लॉबी और शौचालय की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary, Vijay Kumar Sinha, विधान परिषद सभापति Awadhesh Narayan Singh, विधानसभा अध्यक्ष Prem Kumar समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





