काठमांडू, 03 सितंबर। नेपाल में आई भीषण आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में सरकार ने 7 सितंबर को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया है। नेपाल सरकार की कैबिनेट बैठक में बाढ़ में मारे गए लोगों की स्मृति में राष्ट्रीय शोक दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।
13वें दिन मनाया जाएगा राष्ट्रीय शोक दिवस
सरकार के प्रवक्ता एवं शिक्षा मंत्री सस्मित पोखरेल ने बताया कि गुरुवार दोपहर हुई कैबिनेट की बैठक में तय किया गया कि बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में घटना के 13वें दिन, 7 सितंबर को राष्ट्रीय शोक दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दिन नेपाल के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ विदेशों में स्थित नेपाली दूतावासों और राजनयिक मिशनों में नेपाली झंडा आधा झुका रहेगा।
जेन जी आंदोलन की पहली वर्षगांठ पर सार्वजनिक अवकाश
नेपाल सरकार ने जेन जी आंदोलन की पहली वर्षगांठ के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है। कैबिनेट की बैठक में 8 सितंबर को हुए जेन जी आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली से मारे गए जेन जी युवाओं की स्मृति में सार्वजनिक अवकाश देने का निर्णय लिया गया।
सरकार के इस फैसले के तहत आंदोलन में मारे गए युवाओं की स्मृति में पहली वर्षगांठ पर देशभर में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।






