भागलपुर। बिहार में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। यह घटना अब पूरे सिस्टम की नाकामी, लापरवाही और कथित साजिश पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। एक ओर जहां पुलिस, एसआईटी और गृह विभाग सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर पूरे देश में इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को भागलपुर के समाहरणालय चौक पर भारतीय मानवाधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता काफी आक्रोशित नजर आए और सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया तथा मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग भी की।





